जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत चम्पावत जिले के दो स्थानों पर बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए गए। यह शिविर पाटी विकासखंड के कमलेख न्याय पंचायत और बाराकोट विकासखंड के ईजड़ा न्याय पंचायत में आयोजित हुए। इन शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार संशोधन, केवाईसी अपडेट सहित अन्य समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती ने बताया कि इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, ग्राम प्रधान और 25 विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों की समस्याओं को तत्काल हल करने का अवसर प्रदान करते हैं।
ग्राम प्रधान कमलेख अर्जुन राम ने बताया कि कमलेख न्याय पंचायत में आयोजित शिविर में 23 विभागों के माध्यम से लोगों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया। लाभार्थी मोहन सिंह माहरा ने कहा कि अधिकांश कार्य मौके पर ही पूरे किए गए और इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए।
विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनता के द्वार कार्यक्रम सरकार की ग्रामीण कल्याण की नीति को साकार कर रहा है और इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण जनता के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।
