मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव कल गौतम बुद्ध नगर के जेवर में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होकर सभा को संबोधित करेंगे।
उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है तथा सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कार्यक्रम स्थल और हैलीपेड का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।
यमुना सिटी क्षेत्र में HCL और Foxconn के संयुक्त उपक्रम ‘मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा यह सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित की जाएगी। कंपनी को सेक्टर-28 में 48 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
इस परियोजना से लगभग चार हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। कंपनी प्रतिवर्ष 2,40,000 यूनिट स्मॉल पैनल ड्राइवर आईसी और डिस्प्ले इंटीग्रेटेड सर्किट का निर्माण करेगी। इस इकाई की स्थापना से उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश को सेमीकंडक्टर उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ी मजबूती मिलेगी।
