कन्नौज जनपद में थाना ठठिया पुलिस ने धर्मांतरण के एक गंभीर मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई ठठिया थाना क्षेत्र के ग्राम करसाह में सामने आई शिकायत के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम करसाह निवासी पन्नालाल, विद्यासागर और उमाशंकर दोहरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि तीनों आरोपी बिना किसी वैधानिक अनुमति के गांव में चर्च का निर्माण कर रहे थे और महिला, पुरुष तथा बच्चों को बहला-फुसलाकर व प्रलोभन देकर हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में परिवर्तित कराने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार से संबंधित भारी मात्रा में सामग्री भी बरामद की गई है। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोग भी इसमें शामिल हैं या नहीं।
ठठिया पुलिस का कहना है कि अवैध धर्मांतरण के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और कानून के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
