कैमूर जिले के भभुआ शहर स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व परिवहन मंत्री संतोष निराला, करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के साथ हुई। उपस्थित नेताओं ने उन्हें नमन करते हुए उनके संघर्ष, सिद्धांतों और सामाजिक न्याय के विचारों को याद किया।
पूर्व मंत्री संतोष निराला ने कहा कि जदयू प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को पूरे बिहार में संगठनात्मक स्तर पर कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाती है। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने जिस समतामूलक समाज का सपना देखा था, उसे पूरा करने का कार्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में समाज के हर वर्ग को न्याय मिला है और पिछड़े, दलित तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से बिहार ने विकास की नई दिशा पकड़ी है।
करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने जाति और परिवारवाद से ऊपर उठकर बिहार के विकास की नींव रखी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर्पूरी ठाकुर के विचारों और सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और बिहार के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
