कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में हुए गोलीबारी कांड के फरार अभियुक्त को पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई करीब एक माह पहले ग्राम फुलडोभी, मुशहरी टोला में हुई फायरिंग की घटना के संबंध में की गई है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त गौरव झा ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विनोद सिंह के मखाना फोड़ी वाले घर पर गोलीबारी की थी। इस घटना में विनोद सिंह की पुत्री मधु कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए पूर्णिया स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था।
मधु कुमारी के फर्दबयान के आधार पर फलका थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच के दौरान फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने कोढ़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपराध स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा बरामद कर उसे जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
