कटिहार जिले के संयुक्त कृषि भवन प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन भव्य रूप से किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री निखिल कुमार चौधरी, पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं सदर विधायक श्री तारकिशोर प्रसाद, अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, उप विकास आयुक्त श्री अमित कुमार तथा जिला कृषि पदाधिकारी श्री मिथिलेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और फसल उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राज्य सरकार की कृषि रोडमैप को किसानों के लिए एक क्रांतिकारी पहल बताया। साथ ही किसान सम्मान निधि योजना और कृषि कार्यों के लिए किसानों को बिजली उपलब्ध कराने को किसान हित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम बताया।
पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री निखिल कुमार चौधरी ने मखाना बोर्ड की स्थापना को बिहार और विशेष रूप से सीमांचल क्षेत्र के किसानों के लिए लाभकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे मखाना उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने में सहायता मिलेगी।
जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने भूमि की घटती उपजाऊ शक्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों से दो फसलों के बीच दलहन फसल लगाने की अपील की। उन्होंने कम जोत वाली भूमि में समेकित कृषि अपनाकर अधिक उत्पादन प्राप्त करने तथा जैविक और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का मार्गदर्शन भी किया।
उप विकास आयुक्त अमित कुमार ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में उन्नत बीज और उर्वरक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा कड़ी निगरानी की जा रही है और निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने अपने संबोधन में किसानों से मेले में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कृषि उपयोगी उपकरणों की जानकारी का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मेले में अनुदानित दर पर कृषि यंत्र और उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
किसान मेले में दो दर्जन से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां किसानों ने अपने श्रेष्ठ कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सहायक निदेशक शस्य, उप निदेशक अभियंत्रण, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
