उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग की संयुक्त टीम ने यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर मौजूद संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशानुसार आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सफल संचालन और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देते हुए 7 और 8 फरवरी 2026 को संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस निरीक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने यात्रा मार्ग के हालात, सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्रा मार्ग पर मौजूद खामियों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करना था, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें। अधिकारियों ने मार्ग पर सड़क स्थिति, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित एजेंसियों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा मानकों को मजबूत किया जाएगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।
श्री केदारनाथ धाम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
