बरेली पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एसआईआर (सकल मतदाता सूची पुनरीक्षण) लोकतंत्र का एक महायज्ञ है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मेहनत से काम कर रहे हैं।
मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग अंदरखाने इस प्रक्रिया में हिस्सा लेते हैं, लेकिन बाहर आकर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह विरोध बेमतलब है और इसका कोई औचित्य नहीं है।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोग उनके बयानों पर हंसते हैं और वे फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतना चाहते हैं। इसी तरह राहुल गांधी के जर्मनी जाने पर मौर्य ने कहा कि भाजपा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने समाजवादी पार्टी को परिवारवादी और गुंडा संरक्षण देने वाली पार्टी करार दिया और कहा कि जनता इन सबकी सच्चाई जानती है।
