प्रदेश के समस्त मुख्य विकास अधिकारियों के साथ ग्राम विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की। बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में 30 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के बाद सरकार ने लखपति दीदी योजना का लक्ष्य बढ़ाकर एक करोड़ कर दिया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अब तक प्रदेश में एक करोड़ गरीब महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया था। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में इसे और मजबूत करते हुए सरकार ने अब इस लक्ष्य को बढ़ाकर तीन करोड़ महिलाओं तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर मिल रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखी जाए तथा अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
