वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी में दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) सरस मेला वाराणसी-2026 के समापन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने समूह की दीदियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आजीविका संवर्द्धन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिली है। सरकार की योजनाएं गांवों की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हुए लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समापन कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी आवास संघ लिमिटेड लखनऊ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
