उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के विकासनगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपार है और वे हर दुखी मन को संबल देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जो भी सच्चे मन से बाबा का स्मरण करता है, उसे बाबा की कृपा अवश्य प्राप्त होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक आयोजनों, भजन-कीर्तन और प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी यह दर्शाती है कि बाबा के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से वे राज्य के मुख्य सेवक के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं और आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ प्रदेश की सेवा करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कौशल के साथ समर्पण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदार धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था और राज्य सरकार उसी दिशा में लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
