किशनगंज पुलिस ने जाली लॉटरी माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने भारी मात्रा में जाली लॉटरी कूपन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस छापेमारी के दौरान 2.61 लाख से अधिक जाली लॉटरी कूपन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 16.07 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 23 हजार 894 रुपये नकद, लेन-देन से जुड़ी 38 भरी हुई डायरियां और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में कसेरापट्टी मोहल्ले में की गई। जांच में सामने आया कि यह गिरोह बिहार और पश्चिम बंगाल से जाली लॉटरी की छपाई कराकर किशनगंज और आसपास के इलाकों में उनकी आपूर्ति करता था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में जाली लॉटरी और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
