पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आनंदपुर इलाके में हुए भीषण अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि आनंदपुर में हुआ अग्निकांड अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
इस अग्निकांड में एक और व्यक्ति की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 26 जनवरी की सुबह आनंदपुर इलाके में स्थित एक गोदाम में अचानक आग लग गई थी। हादसे के वक्त गोदाम के अंदर कई मजदूर सो रहे थे, जो आग की चपेट में आ गए। राज्य अग्निशमन सेवा और फोरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग ‘वाओ मोमो’ फैक्ट्री से नहीं, बल्कि पास में स्थित पुष्पांजलि डेकोरेटर के गोदाम से लगी थी।
हालांकि, इस मामले में गिरफ्तार किए गए पुष्पांजलि गोदाम के मालिक गंगाधर दास ने दावा किया है कि आग सबसे पहले मोमो फैक्ट्री से फैली थी। फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर जांच जारी है।
इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी इस घटना का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया है कि मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत की जाए। एनएचआरसी ने फैक्ट्री में संभावित मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों से जुड़ी शिकायत मिलने के बाद इस प्रकरण में हस्तक्षेप किया है।
