कटिहार जिले के कुर्सेला में एनएच-31 पर लगातार लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क पर किए गए स्थायी और अस्थायी निर्माण को “सम्राट बुलडोजर” की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क की नापी कर सरकारी भूमि को पूरी तरह खाली कराया गया।
एनएच-31 पर जाम की समस्या इतनी गंभीर थी कि स्थानीय लोग, यात्री, लंबी दूरी की बसें, एंबुलेंस और वरीय पदाधिकारी तक घंटों जाम में फंसे रहते थे। इससे लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बढ़ती समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष टीम गठित कर अतिक्रमण हटाने की तिथि तय की थी। निर्धारित समयानुसार आज अभियान चलाया गया और सड़क किनारे मौजूद सभी अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे। प्रशासन का मानना है कि इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और जाम की समस्या में काफी कमी आएगी।
