लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई और इसका केंद्र लद्दाख के लेह इलाके में स्थित था।
स्थानीय मौसम विभाग के निदेशक मुख्तार अहमद ने समाचार एजेंसी को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 11:51 बजे भूकंप आया। इसका केंद्र लेह क्षेत्र में अक्षांश 36.71 उत्तर और देशांतर 74.32 पूर्व पर था। भूकंप धरती की सतह से लगभग 171 किलोमीटर नीचे आया था।
फिलहाल भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
लद्दाख और कश्मीर घाटी के कई इलाके भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माने जाते हैं। इससे पहले 8 अक्टूबर 2005 को सुबह 8:50 बजे यहां 7.6 तीव्रता का भीषण भूकंप आया था, जिसका केंद्र पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में था।
उस भूकंप में मुजफ्फराबाद शहर पूरी तरह तबाह हो गया था और खैबर पख्तूनख्वा के बालाकोट तथा जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ था। इसके झटके अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान और चीन के शिनजियांग क्षेत्र तक महसूस किए गए थे। जमीन के तेज उठाव के कारण तब भारी विनाश हुआ था।
हालांकि तीव्रता के हिसाब से यह उस क्षेत्र का सबसे बड़ा भूकंप नहीं था, लेकिन इसे सबसे घातक माना जाता है, जिसने 1935 के क्वेटा भूकंप को भी पीछे छोड़ दिया था। यह उस दशक की पांचवीं सबसे जानलेवा प्राकृतिक आपदा थी।
