लखनऊ में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू हो गया है। महापौर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में नगर निगम और ईटीएफ की संयुक्त टीम ने गुडंबा थाना क्षेत्र के शंकरपुरवा प्रथम वार्ड, बहादुरपुर में छापेमारी की।
जैसे ही महापौर का काफिला क्षेत्र में पहुंचा, कई संदिग्ध लोग वहां से भाग खड़े हुए, जबकि कुछ महिलाएं अपनी झोपड़ियों में छिपने लगीं। महापौर ने मौके पर मौजूद लोगों से उनके आधार कार्ड, एनआरसी प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी पहचान दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन अधिकांश लोग वैध दस्तावेज दिखाने में असमर्थ रहे।
इसके बाद महापौर ने अवैध निवासियों और अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई के आदेश दिए। टीम ने मौके से 50 अवैध ठेलिये और दो टाटा मैजिक वाहन जब्त किए, जिन्हें अवैध रूप से कूड़ा ढोने में उपयोग किया जा रहा था। इन पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।
साथ ही, महापौर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को तुरंत सभी अवैध बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। अवैध रूप से रह रहे लोगों को 15 दिन की मोहलत दी गई है। यदि वे निर्धारित समय सीमा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, तो उन्हें क्षेत्र खाली करना पड़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर होगी।
