नववर्ष 2026 के स्वागत और जश्न को लेकर लखनऊ पुलिस ने शहर भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 31 दिसंबर की रात नजदीक आते ही राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचा जा सके।
हजरतगंज, गोमती नगर सहित शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों, होटल, क्लब और मॉल्स के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इन क्षेत्रों में पैदल गश्त तेज कर दी गई है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
लखनऊ पुलिस के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी टीमों को भी लगाया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इस संबंध में हमारे संवाददाता अभिषेक मणि त्रिपाठी से बातचीत में डीसीपी सेंट्रल लखनऊ विक्रांत वीर ने बताया कि नववर्ष की रात शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है।
