लखनऊ। होली के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ से सामाजिक संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल पेश करने वाली एक सुंदर तस्वीर सामने आई। त्योहार की खुशियां बांटने के लिए हजरतगंज थाना की पुलिस टीम बालगृह पहुंची, जहां पुलिसकर्मियों ने बच्चों के साथ मिलकर रंगों का त्योहार होली उत्साह और प्रेम के साथ मनाया।
पुलिसकर्मियों ने बच्चों के साथ गुलाल लगाकर, मिठाइयां बांटकर और उनके साथ समय बिताकर त्योहार की खुशियों को साझा किया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह साफ नजर आया। पुलिस और बच्चों के बीच अपनत्व का यह माहौल होली के वास्तविक संदेश — प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता — को दर्शाता हुआ दिखाई दिया।
होली को सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। देशभर में जहां बाजार रंग-गुलाल और त्योहार की रौनक से गुलजार हैं, वहीं लखनऊ पुलिस की यह पहल समाज के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग का सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।
दूरदर्शन संवाददाता दुर्गा शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, इस आयोजन ने बच्चों को न केवल त्योहार की खुशियां दीं बल्कि यह संदेश भी दिया कि समाज के हर वर्ग तक उत्सव की खुशी पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
