मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में तेज़ी लाने के लिए संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राम प्रताप सिंह जादौन ने शनिवार को सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की त्रुटि को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।
बैठक में, श्री जादौन ने अशोकनगर, बैतूल और नीमच जिलों को 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने के लिए बधाई दी। साथ ही, उन्होंने प्रदेश के अन्य 44 जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण होने पर भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का निवास बदल गया है या जिनके मतदाता परिचय-पत्र में संशोधन की आवश्यकता है, वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-8 भरकर जमा करें। मतदाता यह प्रक्रिया ऑनलाइन भी कर सकते हैं। नए मतदाता अपना फार्म 6 भरकर जमा कर सकते हैं।
श्री जादौन ने यह भी कहा कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान यदि किसी बीएलओ की मृत्यु हुई है, तो उनके दावे, पारिश्रमिक और परिजन की अनुकंपा नियुक्ति की कार्रवाई तेजी से पूरी की जाए। उन्होंने ग्वालियर, इंदौर और भोपाल जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को कार्य की गति और बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि निर्धारित समय सीमा में प्रदेश में शत-प्रतिशत पुनरीक्षण कार्य पूरा किया जा सके।
उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सुरभि तिवारी और श्री राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।
