महाराष्ट्र के ‘मिनी विधानसभा’ कहे जाने वाले नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के 29 में से अधिकांश नगर निगमों में गठबंधन ने निर्णायक बढ़त हासिल की है, जिससे सत्तारूढ़ गठबंधन की स्थिति और मजबूत हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर महाराष्ट्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने लिखा, “धन्यवाद महाराष्ट्र! राज्य की ऊर्जावान जनता ने एनडीए के जनहितैषी सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है।” उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि महाराष्ट्र की जनता के साथ एनडीए का संबंध और गहरा हुआ है और विकास की उनकी कार्य-प्रणाली को व्यापक समर्थन मिला है। पीएम मोदी ने इसे प्रगति को गति देने और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला जनादेश बताया।
प्रधानमंत्री ने महायुति के कार्यकर्ताओं की भी सराहना की, जिन्होंने जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया और विपक्ष के दावों का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की प्रचंड जीत यह दर्शाती है कि देशभर की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की विकास नीति पर बना हुआ है।
