नालंदा जिले के बिहारशरीफ में बिहार राज्य महिला आयोग द्वारा ‘महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि आयोग का निरंतर प्रयास रहता है कि महिलाओं से जुड़े मामलों में उनके अधिकारों का हनन न हो और उन्हें न्यायोचित समाधान मिले। उन्होंने जानकारी दी कि दो दिवसीय इस कार्यक्रम में कुल 122 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 110 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा कर लिया गया।
अध्यक्ष ने बताया कि आयोग की प्राथमिकता उत्पीड़न से जुड़े मामलों में परिवार को साथ जोड़ते हुए आपसी समझौते के माध्यम से समाधान निकालने की रहती है, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिला आयोग राज्य के सभी जिलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करेगा, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ न्याय की प्रक्रिया में भाग ले सकें।
