नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिताओं में भारत की स्टार निशानेबाज़ मनु भाकर और सिमरनप्रीत कौर ब्रार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल वर्ग में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
डबल ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने सीनियर महिला 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में 36 का स्कोर किया और स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कर्नाटक की दिव्या टी.एस. को चार हिट के अंतर से पीछे छोड़ा, जिन्हें रजत पदक मिला। इस स्पर्धा में अंजलि चौधरी ने कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं जूनियर महिला 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल फाइनल में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल 2025 की स्वर्ण पदक विजेता सिमरनप्रीत कौर ब्रार ने अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए 39 का स्कोर किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनके इस प्रदर्शन ने राष्ट्रीय स्तर पर उनकी मजबूत दावेदारी को और पुख्ता कर दिया।
इस तरह 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में भारतीय महिला निशानेबाज़ों ने एक बार फिर देश की शूटिंग ताकत का दमदार प्रदर्शन किया।
