प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर मेरठ के शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर वह मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की यात्रा भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री पूरे 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही भारत की पहली नमो भारत क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली (RRTS) के शेष खंडों का उद्घाटन भी किया जाएगा। इनमें दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक का 5 किलोमीटर लंबा हिस्सा और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक का 21 किलोमीटर खंड शामिल है। 180 किलोमीटर प्रति घंटा की डिजाइन स्पीड के साथ नमो भारत देश की पहली क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली है, जो दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों से तेज रफ्तार में जोड़ेगी। सराय काले खां इस कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन है और इस उद्घाटन के साथ यहां सेवा शुरू हो जाएगी।
प्रधानमंत्री मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन करेंगे। यह सेवा नमो भारत के साथ साझा आधारभूत संरचना पर संचालित होगी, जो देश में अपनी तरह की पहली पहल है। मेरठ मेट्रो लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम परिचालन गति के साथ भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी। यह पूरी दूरी को सभी निर्धारित स्टॉपेज के साथ करीब 30 मिनट में तय करेगी।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो का एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालन उच्च गति की अंतर-शहरी यात्रा और शहर के भीतर तेज आवागमन को सुनिश्चित करेगा। यह मॉडल भारत में एकीकृत शहरी और क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था के लिए नया मानक स्थापित करेगा।
