मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर 2025 से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में कांग्रेस सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर घेराव करने की रणनीति तैयार कर रही है। इसी क्रम में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने 30 नवंबर को शाम 7.30 बजे भोपाल के होटल अशोका में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है।
बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति और रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया कि बैठक में सदस्यों से विचार-विमर्श कर प्रदेश के जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सत्र में मजबूती से उठाने की योजना तैयार की जाएगी। साथ ही भाजपा सरकार की विफल नीतियों और घपलों-घोटालों को जनता के सामने लाने और विधानसभा में इसे हथियार बनाकर सरकार को घेरने पर भी चर्चा होगी।
उमंग सिंघार ने कहा कि किसानों का समर्थन मूल्य, युवाओं के रोजगार, बिगड़ती कानून व्यवस्था और भाजपा सरकार की विफल नीतियां सभी मुद्दों को आगामी शीतकालीन सत्र में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सत्र की अवधि कम है, जिसका कांग्रेस ने विरोध किया है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस विधायक जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे।
