मुंबई इंडियंस (एमआई) ने नेट साइवर-ब्रंट की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत सोमवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 15 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है।
आरसीबी लगातार पांच मुकाबले जीतकर प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी, लेकिन इसके बाद उसे लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मुंबई इंडियंस के साथ दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स ने अब तक तीन-तीन मुकाबले जीते हैं। यूपी वॉरियर्स छह में से दो मैच जीतकर पांचवें स्थान पर है। इन चारों टीमों के पास अभी भी अगले दौर में पहुंचने का मौका बना हुआ है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने निर्धारित ओवरों में चार विकेट पर 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत खराब रही और 16 रन के कुल स्कोर पर सलामी बल्लेबाज सजीवन सजना आउट हो गईं। इसके बाद नेट साइवर-ब्रंट ने हेली मैथ्यूज के साथ पारी को संभाला। दोनों ने 73 गेंदों में 131 रन की शानदार साझेदारी कर स्कोर को 147 तक पहुंचाया।
हेली मैथ्यूज 39 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद साइवर-ब्रंट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। साइवर-ब्रंट 57 गेंदों में एक छक्का और 16 चौकों की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 12 गेंदों में 20 रन की तेज पारी खेली। आरसीबी की ओर से लॉरेन बेल ने 21 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि नादिन डी क्लार्क और श्रेयंका पाटिल को एक-एक सफलता मिली।
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने महज 5.1 ओवरों में 35 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद नादिन डी क्लार्क और ऋचा घोष ने 36 गेंदों में 42 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। क्लार्क 20 गेंदों में चार चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद ऋचा घोष ने अरुंधति रेड्डी के साथ सातवें विकेट के लिए 34 गेंदों में 52 रन जोड़े। एक समय ऐसा लग रहा था कि मुंबई इंडियंस यह मुकाबला बड़े अंतर से जीत लेगी, लेकिन घोष ने श्रेयंका पाटिल के साथ सिर्फ 18 गेंदों में 55 रन की साझेदारी कर हार का अंतर काफी कम कर दिया।
ऋचा घोष ने 50 गेंदों में छह छक्कों और 10 चौकों की मदद से 90 रन की शानदार पारी खेली, जबकि श्रेयंका पाटिल ने पांच गेंदों में तीन चौकों के साथ 12 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की ओर से हेली मैथ्यूज ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके, वहीं शबनीम इस्माइल और अमेलिया केर को दो-दो विकेट मिले। अमनजोत कौर ने भी एक विकेट हासिल किया।
