बिहार के मुंगेर जिले के तारापुर अनुमंडल स्थित बिहमा उत्क्रमित विद्यालय को इस वर्ष आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा देने पहुंचने वाले छात्रों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया जा रहा है, जिससे परीक्षा का माहौल सकारात्मक और उत्साहपूर्ण बनाया जा सके।
परीक्षा केंद्र को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। पूरे परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जिससे छात्रों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा देने का अवसर उपलब्ध कराना है।
छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए तारापुर के एएसपी संकेत कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सीताराम पासवान और थाना अध्यक्ष राजकुमार ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया।
बताया गया कि परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में कुल 214 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
