मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। लूट, हत्या और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी शशांक उर्फ जॉनसन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2024 को ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास एक गंभीर वारदात हुई थी। यहां ट्रक चालक दिनेश मंडल से बदमाशों द्वारा पैसों की मांग की गई थी। जब चालक ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के बयान के आधार पर ब्रह्मपुरा थाना में कांड संख्या 226/24 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही थी और अपराधी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 4 फरवरी 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी शशांक उर्फ जॉनसन नवादा जिले के रजौली क्षेत्र में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नवादा में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के कृष्णा टोला निवासी लक्ष्मण भगत के पुत्र शशांक राज उर्फ जॉनसन के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ट्रक चालक की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि आरोपी शशांक के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
