प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में एक करोड़ 26 लाख 67 हजार रुपये की लागत से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की ऐसी यात्रा तय की है, जिसकी कल्पना वर्ष 2017 से पहले नहीं की जा सकती थी।
कैबिनेट मंत्री नंदी ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में बुनियादी ढांचे के विकास, उद्योगों को बढ़ावा देने, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में लगातार उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन का नया मॉडल बनकर उभरा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि सड़कों, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से आमजन का जीवन आसान हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस मौके पर उपस्थित स्थानीय निवासी सुनील विश्वकर्मा ने बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद क्षेत्र में चौमुखी विकास देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
