जिले में बुधवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने छात्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशा छोड़ने में कठिनाई महसूस करता है, तो वह नशा मुक्ति केंद्र से सहायता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि सरकार ने इन केंद्रों में नशामुक्ति के लिए सभी आवश्यक और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई हैं, ताकि हर व्यक्ति आसानी से नशे की लत से बाहर निकल सके।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि नशा व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ उसके परिवार और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है। इसलिए समाज के हर नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करे।
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे नशे जैसी बुरी आदतों से बचें और एक स्वस्थ, सुरक्षित और प्रगतिशील समाज के निर्माण में योगदान दें।
