हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैथल में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आने वाली परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की आंखों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और भविष्य के सपने साफ दिखाई दे रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहद सहज और प्रेरणादायक तरीके से परीक्षा से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया और तनाव को सकारात्मक सोच में बदलने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ केवल परीक्षा की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का मंच भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को लेकर विद्यार्थियों के साथ हुआ संवाद देश के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण और दूरदर्शी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य विद्यार्थियों के मजबूत और आत्मविश्वासी बनने पर निर्भर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि शिक्षा और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
