पूर्णिया के महानंदा सभागार में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने अपनी टीम के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई पीड़ित महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई में उपस्थित जिला प्रशासन के अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मीडिया से बातचीत करते हुए ममता कुमारी ने कहा कि महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा देना किसी भी समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी परिस्थिति में महिलाओं के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय महिला आयोग महिलाओं की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पूर्णिया जिले में घरेलू हिंसा के मामले अपेक्षाकृत अधिक सामने आ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। ममता कुमारी ने महिलाओं से आगे आकर अपनी शिकायतें दर्ज कराने का आह्वान किया और कहा कि पुलिस प्रशासन को पीड़ित महिलाओं की हर संभव सहायता करनी चाहिए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, उत्पीड़न और सामाजिक समस्याओं से जुड़े मामलों को सामने रखा, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
