भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों को अपडेट करने की समय सीमा को बढ़ा दिया है। नए नोटिफिकेशन के अनुसार, अब गणना का काम 11 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद, मतदाता सूची का मसौदा 16 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। और सबसे महत्वपूर्ण बात, अंतिम मतदाता सूची अब अगले साल 14 फरवरी को जारी की जाएगी। यह पुनरीक्षण कार्यक्रम उत्तर प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चल रहा है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके और चुनाव प्रक्रिया को और भी समावेशी बनाया जा सके।
