मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शहीद पीर अली मार्ग स्थित लोक जनशक्ति पार्टी कार्यालय में आयोजित दावत-ए-इफ्तार में भाग लिया। यह आयोजन चिराग पासवान की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रोजेदार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के पहुंचने पर चिराग पासवान ने उन्हें साफा भेंट कर सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सहित सभी उपस्थित लोगों ने प्रदेश, समाज और देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ की। रमजान के पवित्र माहौल में सौहार्द और एकता का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके जनसेवा से जुड़े योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनता दल (एकीकृत) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी भी समारोह में शामिल हुए।
दावत-ए-इफ्तार में बड़ी संख्या में रोजेदारों ने भाग लेकर सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया।
