स्पेन के ग्रेनाडा में आयोजित आईएसएसएफ (ISSF) विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों पलक गुलिया और मुकेश नेलावल्ली ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया है। भारतीय जोड़ी ने न केवल जीत हासिल की, बल्कि फाइनल में 487.7 अंकों के कुल स्कोर के साथ एक नया जूनियर विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित किया। उन्होंने उज्बेकिस्तान की निगिना सैदकुलोवा और मुखमद कमालोव द्वारा इस साल की शुरुआत में नई दिल्ली में एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप के दौरान बनाए गए 481.3 अंकों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस शानदार प्रदर्शन में पलक ने 243.0 और अपना सीनियर डेब्यू कर रहे मुकेश ने 244.7 अंक जुटाए। मुकेश के लिए आईएसएसएफ विश्व कप में यह किसी भी रंग का पहला पदक है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
फाइनल से पहले क्वालीफिकेशन राउंड में भी इस जोड़ी का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा था, जहां वे 581-17x के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए पदक दौर में पहुंचे थे। खिताबी मुकाबले में चीन की टीम को 484.8 अंकों के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि हंगरी ने 414.9 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। 18 वर्षीय पलक गुलिया इससे पहले 2023 एशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्वर्ण और टीम स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकी हैं, जहाँ उन्होंने रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल किया था। वहीं, मुकेश नेलावल्ली भारतीय पिस्टल शूटिंग के उभरते हुए सितारे और जूनियर विश्व चैंपियन हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा एक बार फिर वैश्विक मंच पर मनवाया है।
