पठानकोट जिले के गांव तलूर में नशे की ओवरडोज के कारण एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बामियाल निवासी पंकज मनहास का शव गांव तलूर क्षेत्र से बरामद किया गया, जबकि उसके साथ मौजूद दोस्त राहुल शर्मा की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि राहुल शर्मा के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कठुआ निवासी मुख्य नशा तस्कर दविंदर सिंह उर्फ विक्की को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 16 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने थाना नरोत जैमल सिंह में बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
वहीं इस घटना को लेकर अश्वनी शर्मा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की नशा विरोधी मुहिम केवल विज्ञापनों तक सीमित है और पिछले चार वर्षों में पंजाब की युवा पीढ़ी नशे की दलदल में और गहराई तक फंसती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछली सरकारों पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती और चुनाव से पहले किए गए वादों का जवाब देना चाहिए।
शर्मा ने चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब का सीमावर्ती क्षेत्र नशा तस्करों का गढ़ बनता जा रहा है, जो राज्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
