पौड़ी पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और जन-सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस टीमें ज्वेलर्स शॉप, प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और बैंकों में जाकर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति, रिकॉर्डिंग प्रणाली, कैमरों की दिशा और कवरेज क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कैमरों की उपलब्धता और उनकी क्रियाशीलता किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को संभव बनाती है। जिन प्रतिष्ठानों या बैंकों में सीसीटीवी कैमरे नहीं पाए गए, उन्हें सुरक्षा के दृष्टिकोण से अनिवार्य रूप से कैमरे लगवाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही, पहले से स्थापित कैमरों को हमेशा क्रियाशील रखने और पर्याप्त अवधि तक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के भी निर्देश अभियान के दौरान दिए जा रहे हैं।
