उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में जनसुनवाई दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई। जनसुनवाई में कुल 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 30 शिकायतों का निस्तारण मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को जल्द से जल्द हल करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कई महत्वपूर्ण समस्याएं सामने आईं। इनमें पेयजल आपूर्ति, सड़कों का निर्माण और डामरीकरण, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, क्लॉक टावर की मरम्मत, नगर क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, पेयजल पाइपलाइन, मानदेय भुगतान, मलबा निस्तारण समेत कई अन्य जन समस्याएं शामिल रहीं। अधिकारियों ने इन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान दिनेश सिंह बिष्ट ने नैनीसैनी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की ओर से नैनीसैनी-कुमडार मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के मामले में त्वरित संज्ञान लेने और निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा समय रहते कार्रवाई किए जाने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी जनसुनवाई के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा, ताकि शासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
