प्रधानमंत्री मोदी आज से असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जहां वे राज्य को 47,800 करोड़ रुपये से अधिक की कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मौसम खराब होने के कारण प्रधानमंत्री का Kokrajhar दौरा रद्द कर दिया गया है। अब वे कोकराझार में आयोजित कार्यक्रम में सीधे पहुंचने के बजाय State Guest House से वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री इस दौरान असम माला 3.0 सड़क अवसंरचना परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही बीटीसी क्षेत्र के लिए छह महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे, जिनमें चार फ्लाईओवर और दो पुल शामिल हैं। क्षेत्रीय संपर्क और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह परियोजनाएं अहम मानी जा रही हैं।
रेलवे क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री बड़ी सौगात देंगे। वे कोकराझार में रेलवे की पीरियॉडिक ओवरहॉलिंग वर्कशॉप की आधारशिला रखेंगे। साथ ही तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें Kamakhya–Charlapalli Amrit Bharat Express, Guwahati–New Jalpaiguri Express और Narangi–Agartala Express शामिल हैं। इन ट्रेनों से पूर्वोत्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
Guwahati में प्रधानमंत्री लगभग 19,680 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इसी अवसर पर वे देशभर के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री Silchar पहुंचेंगे, जहां वे 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं से असम में बुनियादी ढांचे, परिवहन, कृषि और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
