प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बीते 11 वर्षों से उनकी सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के देश के हर नागरिक तक पहुँचाया जा रहा है और यही सच्चा सुशासन तथा वास्तविक धर्मनिरपेक्षता है।
प्रधानमंत्री लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्र भारत के महान विभूतियों की विरासत को सम्मान देने के लिए निर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का लोकार्पण भी किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का सैचुरेशन सुनिश्चित करना है, जिससे करोड़ों गरीब नागरिकों को उनका अधिकार मिल सका है। अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि अटलजी के निर्णयों ने देश के विकास की दिशा बदल दी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 के बाद इस योजना के अंतर्गत 8 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कें बनीं, जिनमें से 4 लाख किलोमीटर सड़कें पिछले 11 वर्षों में ही निर्मित हुई हैं।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने राष्ट्रीय नायकों के साथ न्याय नहीं किया और अधिकतर संस्थानों के नाम केवल अपने नेताओं के नाम पर रखे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है और अब यह राज्य विकास का पर्याय बन गया है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री एवं स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित राज्य मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान राजनीति, समाज और संस्कृति के क्षेत्र में अतुलनीय है।
