प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व (जन्मदिवस) समारोह में शामिल होने के लिए पंजाब पहुंचे। इस दौरान वह आदमपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां से वह जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लन में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल हुए। इस आयोजन को लेकर सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डेरा सचखंड बल्लन पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर करने की घोषणा की। इस फैसले को संत रविदास जी के अनुयायियों और स्थानीय लोगों के लिए सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। माना जा रहा है कि हलवारा एयरपोर्ट पंजाब और खासतौर पर लुधियाना के औद्योगिक क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। इससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर के डेरा सचखंड बल्लन पहुंचे और संत गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संत समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को याद किया गया।
