प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-इज़राइल रणनीतिक साझेदारी में जारी प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और इन संबंधों को और मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया। यह बातचीत दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग और समान रणनीतिक हितों को दर्शाती है।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि किसी भी रूप में आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ अपनी जीरो-टॉलरेंस नीति पर दोबारा जोर दिया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्षेत्र में न्यायपूर्ण और स्थायी शांति के प्रयासों के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया। उन्होंने जल्द से जल्द गाज़ा शांति योजना के कार्यान्वयन का समर्थन भी व्यक्त किया।
भारत-इज़राइल रणनीतिक संबंध पिछले वर्षों में लगातार मजबूत हुए हैं, और दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, तकनीक और नवाचार क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों नेताओं की यह बातचीत सहयोग को और प्रगाढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
