प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के हालिया संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की शानदार जीत पर पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान को बधाई दी है। पीएम मोदी ने इस जीत को बांग्लादेश की जनता के उनके नेतृत्व पर भरोसे का प्रतीक बताया।
प्रधान मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा, “बांग्लादेश में संसदीय चुनावों में बीएनपी को बड़ी जीत दिलाने के लिए मैं तारिक रहमान को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों के आपके नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है। भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा।”
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि वह विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए तारिक रहमान के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।
इस बार के चुनाव में तारिक रहमान ने ढाका-17 सीट से जीत हासिल की। रहमान पिछले साल दिसंबर में 17 साल के राजनीतिक निर्वासन के बाद बांग्लादेश लौटे थे। यह उनकी देश वापसी के बाद पहला बड़ा चुनावी मुकाबला था। जीत के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की कि वे विजय जुलूस निकालने के बजाय देशभर में ‘जुमे’ की नमाज के बाद विशेष दुआ का आयोजन करें।
तारिक रहमान 60 वर्ष के हैं और एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके माता-पिता दोनों ही पूर्व प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उनकी मां खालिदा जिया बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और वे अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानी जाती हैं।
वापसी के बाद से रहमान लगातार चुनाव प्रचार, बड़ी रैलियों और कानून-व्यवस्था सुधार, बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास जैसे वादों के साथ सक्रिय रहे।
चुनाव परिणामों के अनुसार, बीएनपी ने 198 सीटों पर बढ़त बनाई है, बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी 62 सीटों पर आगे है, जबकि नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) 2 सीटों पर बढ़त में है। मतगणना अभी जारी है। इस बार 300 में से 299 सीटों पर मतदान हुआ, क्योंकि एक सीट पर उम्मीदवार की मृत्यु के कारण चुनाव स्थगित किया गया था।
