प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन (Noida International Airport) का उद्घाटन कर देश को दुनिया के सबसे आधुनिक हवाई अड्डों में से एक की सौगात दी। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की सबसे अधिक संख्या वाले राज्यों में अग्रणी बनकर उभरा है, जो ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्ध करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
वैश्विक संकट के बीच भारत की अटूट विकास गति
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक अस्थिरता पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया आज भोजन, ईंधन और उर्वरक के संकट से जूझ रही है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इस क्षेत्र पर निर्भर है, लेकिन सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि इस वैश्विक संकट का बोझ देश के गरीब परिवारों और किसानों पर न पड़े। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद भारत की विकास यात्रा थमने वाली नहीं है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश: विकास का नया पावरहाउस
प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि पिछले कुछ हफ्तों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार बड़ी परियोजनाओं—नोएडा में सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन, मेरठ मेट्रो का विस्तार और अब जेवर एयरपोर्ट—ने आकार लिया है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं भारत को न केवल तकनीक में आत्मनिर्भर बना रही हैं, बल्कि उत्तर भारत को सीधे विश्व के मानचित्र से जोड़ रही हैं।
11,200 करोड़ की लागत और यूपी की सांस्कृतिक झलक
इससे पहले, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि 3000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला यह एयरपोर्ट 11,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसके 4 किमी लंबे रनवे और भव्य टर्मिनल में यात्रियों को उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और गौरव का अनुभव होगा। उन्होंने इसे दिल्ली-NCR की ‘दूसरी धड़कन’ करार दिया।
