प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत अब सुधारों की रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार हो चुका है और वैश्विक स्तर पर आकर्षण का केंद्र बनकर उभरा है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को उम्मीद और भरोसे की नजर से देख रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में नई पीढ़ी के सुधारों के कारण विकास की गति तेज हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस रिफॉर्म एक्सप्रेस का सबसे बड़ा इंजन भारत की जनसांख्यिकी है, विशेष रूप से देश की युवा पीढ़ी और देशवासियों की अदम्य इच्छाशक्ति।
श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2025 को भारत के लिए सुधारों के एक महत्वपूर्ण वर्ष के रूप में याद किया जाएगा। इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक और दूरगामी बदलाव हुए हैं, जिन्होंने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संस्थानों का आधुनिकीकरण किया, शासन व्यवस्था को सरल बनाया और दीर्घकालिक तथा समावेशी विकास की मजबूत नींव रखी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रम कानूनों, व्यापार समझौतों, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा और बाजार सुधारों से लेकर कई अहम क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए गए हैं। इन सुधारों से भारत की विकास गाथा विश्वसनीयता, स्थिरता और दीर्घकालिक विश्वास पर आधारित हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि ये सभी पहल वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
