प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र तेजी से वैश्विक निवेशकों का आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। उन्होंने यह बात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से Skyroot के इनफिनिटी कैंपस के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र में कई ऐतिहासिक सुधार लागू किए हैं, जिसके तहत निजी क्षेत्र और स्टार्टअप्स को वैज्ञानिक संस्थानों के साथ मिलकर काम करने के बड़े अवसर मिले हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था कई गुना बढ़ने वाली है, जो देश के युवाओं के लिए अपार संभावनाएँ लेकर आएगी।
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि पिछले छह से सात वर्षों में भारत ने अपने अंतरिक्ष क्षेत्र को खुला, सहयोगात्मक और नवाचार-चालित इकोसिस्टम में बदल दिया है। उन्होंने बताया कि आज भारत में 300 से अधिक स्पेस स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं, जो देश के अंतरिक्ष भविष्य को नई ऊर्जा और नई दिशा दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि Skyroot का इनफिनिटी कैंपस भारत की नई सोच, नवाचार और युवा शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भारत आज अपनी नवोन्मेष क्षमता, जोखिम उठाने की क्षमता और उद्यमशीलता के बल पर नई ऊँचाइयों को छू रहा है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि ISRO ने दशकों से भारत की अंतरिक्ष यात्रा को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है। अपनी क्षमता, विश्वसनीयता और मूल्य के कारण भारत ने वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है।
