प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को दक्षिण भारत के राज्य केरल पहुंचे और भाजपा के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत की। तिरुवनंतपुरम में उन्हें जनता द्वारा शानदार स्वागत किया गया, जिसके लिए पीएम मोदी ने लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद से भाजपा-एनडीए इस शहर के लिए विकास, बेहतर नागरिक सेवाएं और उज्जवल भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है।
आज सुबह तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर रोड शो के दौरान लोगों का जोश और उत्साह देखा गया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “लोगों का जोश और उत्साह भाजपा पर बढ़ते भरोसे को दिखाता है, जो नगर निगम के नतीजों में साफ नजर आया।”
कार्यक्रम स्थल पर पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के भाजपा के पहले मेयर वीवी राजेश को गले लगाया और उन्हें शहर में सकारात्मक बदलाव और विकास को गति देने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से वीवी राजेश को मेयर बनने पर बधाई दी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में एनडीए का हिस्सा बनी ‘ट्वेंटी20 पार्टी’ के नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने लिखा, “तिरुवनंतपुरम में साबू एम. जैकब से शानदार मुलाकात हुई। मैं ‘ट्वेंटी-20 पार्टी’ का एनडीए परिवार में गर्मजोशी से स्वागत करता हूं। यह साझेदारी पारदर्शी और जन-केंद्रित शासन के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
पीएम मोदी ने अखिल केरल धीवरा सभा के प्रतिनिधिमंडल से भी चर्चा की और कहा कि पिछले एक दशक में एनडीए सरकार ने मछुआरों के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। उन्होंने मछुआरों के बेहतर बाजार और तकनीक सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया और कहा कि यह प्रयास आने वाले समय में और अधिक जोश के साथ जारी रहेगा।
अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने वर्कला स्थित शिवगिरी मठ के श्री नारायण धर्म संगम ट्रस्ट से जुड़े संतों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उनके सामाजिक सेवा, शिक्षा, आध्यात्मिकता और सामुदायिक कल्याण के कार्य समाज में समानता, सद्भाव और गरिमा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
