प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में कई अहम विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया और नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की और देशभर के एक लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि ऋण वितरित किए।
प्रधानमंत्री ने चार नई ट्रेन सेवाओं को भी रवाना किया, जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और एक यात्री ट्रेन शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से केरल और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।
इसके अलावा पीएम मोदी ने सीएसआईआर-एनआईआईएसटी इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप हब की आधारशिला रखी। उन्होंने तिरुवनंतपुरम स्थित श्री चित्रा तिरुनाल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में अत्याधुनिक रेडियोसर्जरी सेंटर की भी आधारशिला रखी। साथ ही शहर के नए पूजप्पुरा हेड पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरा देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में एकजुट होकर काम कर रहा है और इस अभियान में शहरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश किया है, जिससे शहरों में जीवन की गुणवत्ता बेहतर हुई है।
आयकर सुधारों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केरल के मध्यम वर्ग को भी आयकर में छूट का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जमीनी स्तर तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे आम लोगों को आसानी से बैंक ऋण उपलब्ध हो पा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना की परिकल्पना सड़क किनारे कारोबार करने वाले छोटे विक्रेताओं समेत आम लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए की गई थी। उन्होंने कहा कि आज रेहड़ी-पटरी वालों को भी क्रेडिट कार्ड मिल रहे हैं, जो पहले केवल अमीर लोगों तक सीमित थे। यह योजना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।
