प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। अभियान का औपचारिक शुभारंभ पांच बालिकाओं को HPV वैक्सीन की पहली डोज लगाकर किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करना और विकास को गति देना है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा महिलाओं से जुड़ी छोटी से छोटी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि HPV टीकाकरण अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाएं हर परिवार की रीढ़ होती हैं और वर्ष 2014 से केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सत्ता भाव से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ कार्य करती है।
प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जहां पूरा देश इस भव्य आयोजन पर गर्व महसूस कर रहा था, वहीं बार-बार चुनावी हार से निराश कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के सामने देश की छवि खराब करने का प्रयास किया।
भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सेना ने हर मोर्चे पर सफलता हासिल की है, लेकिन कांग्रेस द्वारा लगातार सवाल उठाए गए हैं, जिसका जवाब देश की जनता दे रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार तेजी से अपने वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि नई विकास परियोजनाएं आमजन की सुविधाएं बढ़ाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगी। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी न केवल यात्रा को आसान बनाती है बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा देती है।
कार्यक्रम को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
