प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देशवासियों से संवाद करते हुए वर्ष 2025 की यादगार उपलब्धियों और महत्वपूर्ण क्षणों को साझा किया। राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके मन में पूरे साल की तस्वीरें और अनुभव घूम रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि 2025 ने भारत को ऐसे कई गौरवपूर्ण पल दिए हैं, जिन पर हर भारतीय को गर्व है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्ष में भारत ने सुरक्षा, खेल, विज्ञान और वैश्विक मंचों पर अपनी ताकत और क्षमता को दुनिया के सामने साबित किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक भारत ने हर जगह अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया। दुनिया ने साफ देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। इस अभियान के दौरान देश के कोने-कोने से मां भारती के प्रति प्रेम और समर्पण की भावनाएं सामने आईं, जिसे देखकर पूरे देश में एकता का भाव और मजबूत हुआ।
उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर चलाए गए ‘वंदे मातरम 150’ अभियान का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने देशवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर पर अपने सुझाव और संदेश साझा करने का आग्रह किया था, और लोगों ने बढ़-चढ़कर इस अभियान में भाग लिया। इससे देशभक्ति की भावना और मजबूत हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि 2025 खेल के लिहाज से भी भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर देश का नाम रोशन किया, वहीं महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप जीतकर नया इतिहास रचा। इसके अलावा भारतीय बेटियों ने ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर देश को गौरवान्वित किया। एशिया कप में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा और पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि हौसलों के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती।
विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बने, जो देश के लिए गर्व का क्षण था। पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर किए गए प्रयास भी 2025 की पहचान बने। उन्होंने बताया कि भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 30 से अधिक हो चुकी है, जो संरक्षण प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।
आस्था और संस्कृति की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष की शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ ने पूरी दुनिया को आकर्षित किया। वहीं साल के अंत में अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम हर भारतीय के लिए गर्व और भावनाओं से भरा रहा। पीएम मोदी ने स्वदेशी के प्रति बढ़ते उत्साह की भी सराहना की और कहा कि आज लोग ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनमें भारत की मेहनत और मिट्टी की खुशबू शामिल है।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2025 ने भारत को और अधिक आत्मविश्वासी बनाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश अब 2026 में नई उम्मीदों, नए संकल्पों और नए लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
