पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हालिया हमलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहल करते हुए बहरीन और सऊदी अरब के शीर्ष नेतृत्व से अलग-अलग टेलीफोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने बहरीन के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से चर्चा करते हुए हाल ही में हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की और स्पष्ट किया कि भारत किसी भी प्रकार की हिंसा का विरोध करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने की दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने बहरीन और सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर भी जानकारी प्राप्त की। दोनों देशों के नेताओं ने आश्वासन दिया कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इससे पहले रविवार देर रात प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने यूएई पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इस कठिन समय में भारत की एकजुटता व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से बातचीत कर हमलों में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया और यूएई के साथ भारत की मजबूती से खड़े रहने की बात दोहराई। उन्होंने यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां के नेतृत्व का आभार भी जताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत क्षेत्र में तनाव कम करने, शांति स्थापित करने और स्थिरता बनाए रखने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
भारत और यूएई के बीच मजबूत रणनीतिक और आर्थिक संबंध हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा सहयोग, रक्षा साझेदारी, आतंकवाद-रोधी प्रयास और प्रवासी भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक सहयोग बना हुआ है। यूएई दुनिया के सबसे बड़े भारतीय प्रवासी समुदायों में से एक की मेजबानी करता है, जो दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के संबंधों को और मजबूत बनाता है।
